बॉलीवुड की 5 सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स फ़िल्में

Share Us

2988
बॉलीवुड की 5 सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स फ़िल्में
28 Aug 2021
9 min read

Blog Post

भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस हर साल 29 अगस्त को मनाया जाता है। तो हमने सोचा क्यों ना राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हम आपको बॉलीवुड की कुछ सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स फ़िल्मों के बारे में बताएं। आइए जानते हैं, बॉलीवुड की 5 सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स फ़िल्मों के बारे में जिसे हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी में एक बार अवश्य देखना चाहिए।

बॉलीवुड इंडस्ट्री में बनी स्पोर्ट्स मूवीज को दर्शक बहुत पसंद करते हैं। कारण यह है कि इन फ़िल्मों में ड्रामा और एक्शन होने के बावजूद भी ये काफी प्रेरणादायक होती हैं। एक खिलाड़ी के जीवन में रोज नई-नई बाधाएं आती हैं फिर भी दृढ़ता और दृढ़ संकल्प के माध्यम से वो खिलाड़ी इन बाधाओं को दूर कर आगे बढ़ता है और अपना और अपने देश का नाम रोशन करता है। 

बॉलीवुड में अलग-अलग खेल और खिलाड़ियों पर फ़िल्में बनी हैं। कुछ फ़िल्में महान खिलाड़ियों की जीवनी हैं, जैसे- एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, दंगल, मैरी कॉम, सूरमा, अजहर, सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स, भाग मिल्खा भाग, साइना आदि। वहीं दूसरी ओर कुछ फ़िल्में बिलकुल काल्पनिक हैं और उनमें खेल, ड्रामा और एक्शन दिखाया गया है। भले ही बॉलीवुड में खेल को लेकर काल्पनिक फ़िल्में बनी हैं, लेकिन ये भी उतनी ही प्रेरणादायक हैं जितनी किसी खिलाड़ी की सच्ची कहानियों पर बनी फ़िल्म हैं। बॉलीवुड की स्पोर्ट्स फ़िल्में जो काल्पनिक हैं उनमें लगान, इकबाल, सुल्तान, ब्रदर्स, चेन कुली की मेन कुली, दिल बोले हडिप्पा, आदि का नाम शामिल है।

भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस हर साल 29 अगस्त को मनाया जाता है। तो हमने सोचा क्यों ना राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हम आपको बॉलीवुड की कुछ सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स फ़िल्मों के बारे में बताएं। आइए जानते हैं, बॉलीवुड की 5 सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स फ़िल्मों के बारे में जिसे हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी में एक बार अवश्य देखना चाहिए।

1. लगान (2001)

फ़िल्म लगान सच्ची कहानी पर आधारित नहीं है। फ़िल्म में सेट किया गया साल यानी 1893 एक ऐसा समय था जब भारतीय क्रिकेट भी नहीं खेलते थे। बॉलीवुड में बनी स्पोर्ट्स मूवीज में लगान सर्वश्रेष्ठ काल्पनिक फ़िल्मों में से एक है। इस फ़िल्म में दिखाया गया है कि कैसे ब्रिटिश शासन भारतीयों से टैक्स वसूलता था। भुवन, एक सच्चे देशभक्त कुछ ब्रिटिशर्स को क्रिकेट खेलने की चुनौती देते हैं, जबकि उनके गांव में किसी को क्रिकेट खेलने भी नहीं आता था। लगान यानी की टैक्स को खत्म करने के लिए ब्रिटिश टीम और भुवन और उनकी टीम के बीच में एक क्रिकेट मैच होता है, जिसमें भुवन जीत जाते हैं और लगान माफ हो जाता है।

इस फ़िल्म में भुवन का किरदार आमिर ख़ान ने निभाया है और फ़िल्म के निर्देशक आशुतोष गोवारिकर हैं। आशुतोष गोवारिकर बॉलीवुड की कई सर्वश्रेष्ठ ऐतिहासिक फ़िल्मों के निर्देशक रह चुके हैं। लगान फ़िल्म सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी लोगों को काफी पसंद आई थी और लगान को ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए भी चयनित किया गया था।

2. इकबाल (2005)

फ़िल्म इकबाल एक काल्पनिक कहानी है। इस कहानी में इकबाल नाम का लड़का रहता है, जो एक बॉलर बनने का सपना देखता है। जन्म से बहरे और गूंगे होने की वजह से उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इकबाल हार नहीं मानता है और फ़िल्म के अंत में वह भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाता है।

इस फ़िल्म में इकबाल का किरदार अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने निभाया है और फ़िल्म के निर्देशक नागेश कुकुनूर हैं।

3. भाग मिल्खा भाग (2013)

फ़िल्म भाग मिल्खा भाग, भारतीय एथलीट, मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित है। मिल्खा सिंह को फ्लाइंग सिख के नाम से भी जाना जाता है। मिल्खा सिंह एशियाई खेलों के साथ-साथ राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी है। दर्शकों की माने तो अब तक बॉलीवुड में स्पोर्ट्स पर बनी सबसे ज्यादा प्रेरणादायक फ़िल्म भाग मिल्खा भाग है। इस फ़िल्म में मिल्खा सिंह के जीवन के हर संघर्ष पर प्रकाश डाला गया है। वह उम्मीद को खोए बिना लगातार मेहनत करते हैं और अपने लक्ष्य तक पहुंचते हैं।

इस फ़िल्म में मिल्खा सिंह का किरदार अभिनेता फरहान अख्तर ने निभाया था, जो कहीं से भी नुक्स निकालने लायक नहीं था। फरहान ने इस फ़िल्म के लिए कड़ी मेहनत की थी।

4. दंगल (2016)

फ़िल्म दंगल फोगाट परिवार की कहानी है। महावीर सिंह फोगाट को पैसों की कमी होने के कारण पहलवानी छोड़नी पड़ती है और वो सोचते हैं कि उनके सपनों को उनके बेटे पूरा करेंगे। लगातार चार बेटियां होने के बाद महावीर सिंह फोगाट को यह एहसास होता है कि मेडल तो उनकी बेटियां भी ला सकती हैं। वो कड़ी मेहनत करके अपनी बेटियों गीता फोगाट और बबिता कुमारी फोगाट को पहलवानी सिखाते हैं। आज गीता फोगाट और बबिता फोगाट भारत की सर्वश्रेष्ठ महिला पहलवान के रूप में जानी जाती हैं।

इस फ़िल्म में महावीर सिंह फोगाट का किरदार आमिर ख़ान, गीता फोगाट का किरदार फातिमा सना शेख और बबिता कुमारी फोगाट का किरदार सान्या मल्होत्रा ने निभाया है। आपको बता दे कि दंगल अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फ़िल्म है।

5. एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी (2016)

इस फ़िल्म को तो लगभग हर भारतीय ने देखा होगा क्योंकि ये फ़िल्म हम सभी के पसंदीदा क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर आधारित है। इस फ़िल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर, बल्लेबाज और कूल कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी का किरदार निभाया है। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी में कई मुश्किलों के आने बावजूद उन्होंने अपने क्रिकेटर बनने के सपने को नहीं छोड़ा और भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी मिलने के बावजूद उन्होंने अपनी प्रैक्टिस चालू रखी और नतीजा तो आज हम सब कें सामने हैं।

इस फ़िल्म का वो दृश्य जब 2 अप्रैल, 2011 को भारत अपना दूसरा क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतता है, हम सभी को आज तक याद है। अगर आपने अभी तक ये फ़िल्म नहीं देखी है, तो जरूर देखिए। एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी एक ऐसी फ़िल्म है, जिससे आप सब को प्रेरणा मिलेगी।

इन फ़िल्मों के अलावा चक दे इंडिया, पटियाला हाउस, पान सिंह तोमर, मैरी कॉम, सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स, दिल बोले हद्दीपा, पंगा, अजहर, चेन कुली की मेन कुली, सूरमा, गोल्ड, ब्रदर्स, मुक्काबाज़ भी कुछ अलग और बेहतरीन बॉलीवुड की सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स फ़िल्मों में से एक हैं।