रबड़ का क्लिप, व्यवसाय का नया विकल्प

Share Us

4717
रबड़ का क्लिप, व्यवसाय का नया विकल्प
24 Sep 2021
9 min read

Blog Post

प्रत्येक वस्तु हमें किसी न किसी रूप में लाभ कमाने का अवसर देती है। यह हम पर निर्भर करता है कि हम किसी अवसर को अपने लिए कैसे इस्तेमाल करते हैं। देश में व्यवसाय के अनगिनत माध्यम हैं। हम छोटी से छोटी वस्तु के उत्पादन को भी व्यवसाय का कुशल माध्यम बना सकते हैं। यह बात हम पर निर्भर करता हैं कि अपने व्यवसाय को सफल बनाने में हम कितना मेहनत और लगन अपने साथ रखते हैं।

मनुष्य की आकांक्षाओं का कोई अन्त नहीं है। मनुष्य ऐसा प्राणी है यदि उसे अवस्थाओं में परिवर्तन करने के लिए ना मिले तो वह अपने ही जीवन से ऊबने लगता है। समय-समय पर व्यक्ति को कुछ बदलाव जीवन में अवश्य चाहिए होता है। शायद यही कारण है कि पत्थरों को घिस कर रोशनी करने वाला और आग का इस्तेमाल करने वाला मनुष्य आज सूरज की ऊष्मा और समन्दर के पानी से रोशनी और आग की जरूरतों को पूरा कर ले रहा है। हालांकि कई बार, कोई नया आविष्कार जरूरत के आधार पर भी किया गया है। मनुष्य का दिमाग अगले पल किस दिशा में नयी कल्पनाओं को सोचने लगे यह, तो स्वयं इंसान भी नहीं जानता। इन्हीं कल्पनाओं का ही नतीजा है कि आज हम वास्तविक जीवन में भी बहुत विकसित हो गए हैं। पर क्या यह विकास केवल हमें फायदा ही दे रहा? विकसित होने के साथ ही हमें पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या से मुखातिब होना पड़ रहा है। हम होनें वाले नुकसान से खुद को कैसे बचा रहे हैं? क्या उस काम से हमें कोई और फायदा हो सकता है? यह प्रश्न हमेशा दिमाग में उपस्थित रहते हैं, इन्हीं कारणों से हम ऐसे तरीके ढूंढ़ते हैं, ताकि हम प्रकृति को बचाने के साथ-साथ निजी तौर पर भी अपना फायदा कर पाएं। हम ऐसे कई व्यवसाय शुरू कर सकते हैं, जो हमें पर्यावरण को स्वस्थ रखने के साथ अच्छी आमदनी देने का भी कारण बनें। ऐसे कई छोटे-छोटे विचार हैं, जो नए व्यवसाय के द्वार खोल रहे हैं।

किस पदार्थ से बनता है क्लिप?

जब हम कपड़े को छत पर सूखने के लिए डालते हैं, तो हमें डर रहता है कि कहीं हवा की वजह से कपड़ा उड़ न जाए। इसके लिए हम कपड़े पर क्लिप लगा देते हैं ताकि वह डोरी पर लगकर कपड़े को उड़ने ना दे। क्या आपको पता है कि यह क्लिप किस पदार्थ से बनता है? इस क्लिप के खराब हो जाने से इसका क्या किया जाता है? हम लोगों में से बहुत लोग यह तो जानते हैं कि क्लिप प्लास्टिक से बनता है परन्तु हम इस बात पर ध्यान नहीं देते कि खराब होने के बाद इसका क्या होता है। यह किस तरह से हमारे वातावरण को प्रभावित करता है। कहने को यह बहुत ही छोटी चीज है, परन्तु यदि इस पर सोचा जाए, तो यह एक गंभीर समस्या है क्योंकि प्लास्टिक से बनने के कारण खराब होने के बाद भी यह वातावरण में वर्षों तक मौजूद रहते हैं तथा हमारे लिए हानिकारक सिद्ध होते हैं।

प्लास्टिक की नहीं होगी आवश्कता

हम इस परेशानी से बचने के लिए क्लिप को किसी ऐसे पदार्थ से बना सकते हैं, जो लम्बे समय तक टिका रहे और उपयोग में ना होने के बाद भी वातावरण को प्रभावित ना करे। कपड़े की क्लिप को हम रबर से बना सकते हैं, जो बाद में फिर से रीसायकल करके इस्तेमाल में लाया जा सकता है। इसकी शुरूआत छोटे स्तर पर भी की जा सकती है। कोई भी व्यक्ति इसे अपने व्यवसाय के रूप में शुरू कर सकता है।

केवल प्राकृतिक रबर की पड़ेगी ज़रूरत

रबर का क्लिप बनाने के लिए ना ही हमें प्लास्टिक की जरूरत पड़ती है ना ही बीच में इस्तेमाल होने वाले स्टील या लोहे के स्प्रिंग की, सिर्फ जरूरत होती है तो केवल प्राकृतिक रबर की, जिसे एक सांचे में ढ़ालकर क्लिप के रूप में तैयार किया जा सकता है। इसके लिए हमें कई चरणों से गुजरना नहीं पड़ेगा। प्राकृतिक रबर बाजार में सस्ते दाम पर मिल जाता है और एक ही चरण में रबर का सांचे में ढ़लकर क्लिप बन जाने से इसमें ज्यादा खर्च भी नहीं आएगा। इससे हम कम लागत में अपना खुद का एक छोटा व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।

किसी कंपनी के साथ कर सकते हैं साझा

इसे बनाने का एक फायदा यह भी होगा कि आप किसी बड़ी कंपनी के साथ अपने व्यवसाय को साझा करके अपने उत्पाद को अधिकतम लोगों तक पहुंचा सकते हैं। अपने छोटे व्यवसाय को एक समय बाद बड़े स्तर पर लाँच करके इसमें भी विविध तरह के उत्पाद बनाए जा सकते हैं। ऐसे कई उत्पाद होते हैं, जिनमें प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जाता है और वो कई चरणों में बनाया जाता है। आप उसका भी उत्पादन इसी प्रक्रिया से कर सकते हैं। यह वातावरण के अनुकूल भी है।  

कभी नहीं खत्म होगी बाजार में इसकी मांग

यह एक ऐसी वस्तु है जो प्रत्येक व्यक्ति के घर में रोजमर्रा के जीवन में इस्तेमाल की जाती है और जो कुछ समय बाद उपयोग के लायक नहीं रह जाती है। ऐसे किसी व्यक्ति को अगर एक बेहतर विकल्प वो भी लम्बे समय के लिए मिले तो उसे कोई उपयोग में क्यों नहीं लाना चाहेगा। आप कम लागत में एक ऐसा काम करना शुरू कर सकते हैं, जिसकी मांग बाजार में कभी खत्म नहीं होगी। इसलिए आपका व्यवसाय भी हमेशा चलता रहेगा।    

You May Like

TWN In-Focus
TWN In-Focus