ऑटो सेक्टर ने पकड़ी तेज रफ्तार, जनवरी में बिकीं 27 लाख से ज्यादा गाड़ियां
News Synopsis
Vehicle Retail Sales: देश में मोटर वाहनों की रिटेल सेल जनवरी में सालाना आधार पर करीब 18 प्रतिशत बढ़कर 27 लाख यूनिट से अधिक रही। जीएसटी में बदलाव के बाद बनी तेजी, फसल एवं शादियों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नकदी प्रवाह और मालवाहन क्षेत्र में लगातार मांग की स्पष्टता जैसी वजहों से गाड़ियों की बिक्री में उछाल दर्ज किया गया। यह जानकारी वाहन डीलर के निकाय फाडा ने दी।
जनवरी में 27,22,558 यूनिट बिकीं
रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष जनवरी में ऑटो सेक्टर की कुल रिटेल सेल 27,22,558 यूनिट रही, जो जनवरी 2025 के 23,14,940 यूनिट के मुकाबले 17.61 प्रतिशत अधिक है। यात्री वाहन रिटेल सेल जनवरी में 5,13,475 यूनिट रही, जो एक साल पहले की समान अवधि के 4,78,915 यूनिट की तुलना में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिकी ज्यादा गाड़ियां
फाडा अध्यक्ष सी. एस. विग्नेश्वर C. S, Vigneshwar ने कहा " बिक्री में बढ़त की कहानी महानगरों से इतर ग्रामीण भारत में लिखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री वाहन बिक्री सालाना आधार पर 14.43 प्रतिशत बढ़ी, जो शहरी क्षेत्रों की 2.75 प्रतिशत वृद्धि से कहीं अधिक है।" उन्होंने कहा "इससे शीर्ष शहरों से आगे यात्री वाहन मांग के स्ट्रक्चरल विस्तार की पुष्टि होती है, जिसे एसयूवी/कॉम्पैक्ट एसयूवी की मजबूत पसंद, छोटी कारों की वापसी, उत्पाद उपलब्धता एवं लगातार योजनाओं से समर्थन मिला है।"
दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 21% बढ़ी
दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 18,52,870 यूनिट हो गई।
विग्नेश्वर ने कहा "जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पोंगल/मकर संक्रांति, शादी के मौसम की आवाजाही और बेहतर वहनीयता से बिक्री मजबूत बनी रही। वहीं शहरी बाजारों में भी स्पष्ट सुधार दिख रहा है, जो त्योहारी खरीदारी से आगे मांग के सामान्य होने का संकेत है।’’
तिपहिया-वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी बढ़ी
तिपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री में पिछले महीने क्रमशः 19 प्रतिशत और 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं जनवरी में ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 1,14,759 यूनिट हो गया।
आगे के लिए डीलर का भरोसा मजबूत
आगामी तीन महीनों के कारोबारी परिदृश्य पर फाडा ने कहा कि डीलर का भरोसा मजबूत बना हुआ है। 79.70 प्रतिशत पार्टिसिपेंट्स ने वृद्धि की उम्मीद जताई है, जबकि केवल 1.88 प्रतिशत ने गिरावट की आशंका व्यक्त की। वाहन डीलर के निकाय फाडा ने कहा कि निकट अवधि का व्यापक आर्थिक माहौल सहायक है। इंफ्रास्ट्रक्चर और कृषि पर जोर देने वाला विकासोन्मुख बजट, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में बदलाव के बाद नीतिगत निरंतरता और 2025 में ढील के बाद ब्याज दरों में स्थिरता जैसे सभी मिलकर वहनीयता, वित्तपोषण सहजता और खरीद इरादों को बेहतर बना रहे हैं।


