आसान नहीं है मेहनत करना

Share Us

1738
आसान नहीं है मेहनत करना
02 Nov 2021
5 min read

Blog Post

क्या मेहनत करना आसान है? अगर आसान होता तो सब मेहनत करके आगे नहीं बढ़ जाते। इतना ही आसन होता मेहनत करना तो सबके सपने पूरे नहीं हो जाते। माना की बहुत मुश्किल है मेहनत करना, पर क्या खुद को धोखे में रखने से ज्यादा मुश्किल है?

क्या मेहनत करना आसान है? अगर आसान होता तो सब मेहनत करके आगे नहीं बढ़ जाते। इतना ही आसन होता मेहनत करना तो सबके सपने पूरे नहीं हो जाते। रोज एक ही रूटीन को फॉलो करना ताकि अंत में जब परिणाम आए तो ये निराशा ना हो कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दिया, सचमुच कितना मुश्किल है मेहनत करना। 24 घंटों में 6 घंटे की नींद लेकर 15 से 16 घंटे अपने काम को देना, दोस्तों से कम बात करना, परिवार को ज्यादा समय ना दें पाना और तब तक लगे रहना जब तक सफलता ना मिले, इतना आसान नहीं है सफल होना। 

आपने अक्सर कई मोटिवेशनल किताबें पढ़ी होंगी, मोटिवेशनल स्पीच देखी होंगी, अपने टीचर्स की डांट सुनी होगी कि मेहनत करो और आपने खुद से कहा भी होगा कि आज से मैं बहुत मेहनत करूंगा, दिन-रात एक कर दूंगा, सर्वश्रेष्ठ तो मैं ही बनूंगा और न जाने क्या-क्या, पर क्या सच में आप खुद से किए गए वादे पर अमल कर पाए?

माना कि बहुत मुश्किल है मेहनत करना, पर क्या खुद को धोखे में रखने से ज्यादा मुश्किल है? एक बात हमेशा याद रखिएगा कि अनुशासन में रहने पर और दूसरों से ज्यादा मेहनत करने पर तकलीफ तो होती है लेकिन उससे भी ज्यादा तकलीफ उस पछतावे में होती है कि काश! मैंने थोड़ा और समय दे दिया होता। पछतावे में जो तकलीफ है वो अनुशासन की तकलीफ से कई गुना ज्यादा है। 

क्या अब भी आपको मेहनत करने की वजह चाहिए? क्या अभी भी आपको ऐसा लगता है कि आपमें मोटिवेशन की कमी है? 

लोगों का क्या है, वो तो फिर से मोटिवेशनल बुक लिख देंगे, कोई फिर से मोटिवेशनल वीडियो बना देगा, कोई मोटिवेशन पर कुछ लिख देगा और आप फिर से सारे वीडियो देखेंगे, सारी किताबें और सारे आर्टिकल पढ़ेंगे लेकिन एक बार फिर से आप मेहनत नहीं करेंगे। 

अगर आप सर्वश्रेष्ठ परिणाम चाहते हैं तो आपको सबसे ज्यादा मेहनत करनी होगी। आज ऐसे जितने भी शख़्स हैं जो दुनिया पर राज कर रहे हैं, उन्होंने ना जाने कितनी मेहनत की होगी और आज भी कर रहे हैं। आपको भी यही करना है। कड़ी मेहनत करने के साथ-साथ खुद पर भरोसा रखना है। ऐसा कई बार होगा कि चुनौतियां बहुत कठिन लगने लगेंगी और ऐसा महसूस होगा कि इस बार मुझसे नहीं होगा और बस इस वक्त अपने आप को समझा कर पहले से भी ज्यादा मेहनत करिए। अगर आप समय का सदुपयोग करेगें तो ऐसा हो ही नहीं सकता कि आपको सफलता ना मिले।

एक उदाहरण से समझते हैं- दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क काम की वजह से अक्सर ब्रेकफास्ट नहीं कर पाते हैं। दूसरे लोगों की तरह 8 से 9 घंटे की नींद लेने के बजाय मात्र 6 घंटे की नींद लेते हैं। कई बार तो अपने काम में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि लंच और डिनर भी अच्छे से नहीं कर पाते हैं। मस्क कहते हैं कि खाना खाने में समय बर्बाद होता है इसीलिए वैज्ञानिकों को कोई ऐसी पिल बनानी चाहिए जिससे व्यक्ति को तुरंत एनर्जी मिल जाए और उसे खाना खाने की जरूरत ना हो। इतना ही नहीं न्यू यॉर्क की एक रिपोर्ट के अनुसार मस्क एक हफ्ते में 100 से 120 घंटे काम करते हैं। मस्क इतने सफल इसीलिए हैं क्योंकि उन्हें समय का महत्व पता है और वो किसी भी अनप्रोडक्टिव काम में अपना समय बर्बाद करना पसंद नहीं करते हैं। 

क्या अभी भी मेहनत करने के लिए आपको किसी मोटिवेशन की जरूरत है?