टाटा मोटर्स 1 अप्रैल से ICE गाड़ियों की कीमतें बढ़ाएगी
News Synopsis
टाटा मोटर्स की नई कार खरीदने का प्लान बना रहे ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। कमर्शियल गाड़ियों के बाद अब कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 से अपनी पेट्रोल और डीजल (ICE) पैसेंजर कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। किस वजह से लिया गया फैसला और कितने बढ़ेंगे दाम जानिए पूरी डिटेल...
कितनी बढ़ेंगी कीमतें?
Tata Motors अपनी इंटरनल कम्बशन इंजन (ICE) यानी पेट्रोल और डीजल से चलने वाली कारों की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने जा रही है। हालांकि कीमत में असल बढ़ोतरी आपके के जरिए चुने गए कार के मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगी।
आखिर क्यों महंगी हो रही हैं, कारें?
कंपनी ने बताया है, कि गाड़ियां बनाने में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स और कच्चे माल (इनपुट कॉस्ट) की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इस बढ़ते खर्च के बोझ को कम करने के लिए ही कारों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने फरवरी में ही इस बात का इशारा दे दिया था। उन्होंने कहा था, कि कंपनी पिछले लगभग एक साल से ज्यादा लागत का सामना कर रही है, जिसकी वजह से अब कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है।
कमर्शियल गाड़ियां भी होंगी महंगी
सिर्फ पैसेंजर कारें ही नहीं, कंपनी ने इसी हफ्ते अपनी कमर्शियल गाड़ियों (ट्रक, बस आदि) की कीमतों में भी 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया था। यह नई कीमतें भी 1 अप्रैल 2026 से ही लागू होंगी।
बिक्री के मामले में टाटा मोटर्स का शानदार प्रदर्शन
एक तरफ जहां गाड़ियां महंगी हो रही हैं, वहीं टाटा मोटर्स की गाड़ियों की बाजार में जबरदस्त डिमांड बनी हुई है। हाल ही में जारी किए गए कंपनी के बिक्री आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं। अगर फरवरी 2026 के आंकड़ों पर गौर करें तो कंपनी की कुल बिक्री 32 प्रतिशत के भारी उछाल के साथ 42,940 यूनिट्स पर पहुंच गई है, जो पिछले साल इसी महीने में 32,533 यूनिट्स थी। सिर्फ घरेलू बाजार में ही कंपनी ने अपना जलवा बरकरार रखते हुए 40,893 गाड़ियां बेची हैं, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 32.8 प्रतिशत ज्यादा है।
इसके अलावा विदेशों में भी टाटा की गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जहां कंपनी का एक्सपोर्ट 17.9 प्रतिशत बढ़कर 2,047 यूनिट्स हो गया है। पैसेंजर कारों के साथ-साथ कमर्शियल सेगमेंट में भी शानदार ग्रोथ देखने को मिली है। इस दौरान भारी ट्रकों (HCV) की बिक्री में 37.1 प्रतिशत और हल्के-मध्यम ट्रकों (ILMCV) की बिक्री में 34.1 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इससे पहले जनवरी 2026 भी कंपनी के लिए बेहद शानदार रहा था, जब उसने इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) समेत कुल 71,066 गाड़ियां बेचकर साल-दर-साल 47.1 प्रतिशत की बंपर ग्रोथ दर्ज की थी।
BMW Group India
BMW Group India ने अपनी सभी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। ये नई कीमतें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी। कंपनी ने बताया कि BMW और MINI दोनों ही ब्रांड की कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी। कंपनी ने इस फैसले की वजह बढ़ती इनपुट लागत को बताया है।
Mercedes-Benz India
मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने 2026 में अपनी दूसरी कीमत बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 अप्रैल से लागू होगी। हालांकि अलग-अलग मॉडलों के लिए कीमतों में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह अभी बताया नहीं गया है, लेकिन कंपनी ने कहा है, कि उसकी पूरी रेंज में कीमतों में लगभग 2 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके पहले जनवरी 2026 में भी कीमतों में लगभग 2 फीसदी की बढ़ोतरी की जा चुकी थी। कंपनी ने कीमतों में इस बदलाव का कारण रुपये की गिरती कीमत को बताया है।
Audi India
Audi India ने 1 अप्रैल 2026 से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह जर्मन लग्जरी कार कंपनी अपनी गाड़ियों की कीमतें 2% तक बढ़ाएगी, जिसका मुख्य कारण इनपुट लागत में वृद्धि और करेंसी में उतार-चढ़ाव है।


