डोनाल्ड ट्रंप ने टिकटॉक को लेकर बड़ा ऐलान किया

Share Us

47
डोनाल्ड ट्रंप ने टिकटॉक को लेकर बड़ा ऐलान किया
26 Sep 2025
7 min read

News Synopsis

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक एक्जीक्यूटिव ऑर्डर साइन किया जिससे करीब $14 अरब की TikTok डील का रास्ता खुल गया। इस समझौते से ऐप का बहुसंख्यक स्वामित्व अमेरिकी कंपनियों के हाथों में जा सकता है। हालांकि डील की मूल बातें तय हो चुकी हैं, लेकिन कानूनी और वित्तीय विवरणों को अंतिम रूप देना अभी बाकी है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह पूरी तरह से यूएस ऑपरेटेड होगा। मुझे राष्ट्रपति शी जिनपिंग का बहुत सम्मान है, और मैं इसकी सराहना करता हूं, कि उन्होंने इस डील को मंजूरी दी। इसको सही तरीके से पूरा करने के लिए चीन का समर्थन जरूरी था।

इस डील में कौन-कौन शामिल हैं?

डोनाल्ड ट्रंप ने सभी निवेशकों के नाम नहीं बताए, लेकिन पुष्टि की कि Oracle और इसके को-फाउंडर लैरी एलिसन इस डील में बड़ी भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा टेक उद्यमी माइकल डेल और मीडिया टाइकून रूपर्ट मर्डोक का नाम भी उन्होंने लिया। उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने कहा कि आने वाले हफ्तों में और जानकारी शेयर की जाएगी। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि सभी निवेशक बहुत प्रसिद्ध और आर्थिक रूप से मजबूत लोग हैं, वास्तव में बहुत मशहूर।

TikTok के एल्गोरिद्म पर अमेरिका का नियंत्रण

इस डील का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है, कि TikTok के एल्गोरिद्म पर अब अमेरिका का नियंत्रण होगा। वही सिस्टम जो तय करता है, कि यूजर की फीड में कौन-सा कंटेंट दिखेगा। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह चाहते हैं, कि MAGA (Make America Great Again) से जुड़ा कंटेंट ज्यादा दिखे, उन्होंने मजाक में कहा कि मुझे हमेशा MAGA से जुड़ा कंटेंट पसंद है। अगर मैं इसे 100% MAGA बना सकता, तो बनाता लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हो पाएगा। नहीं, हर समूह, हर विचारधारा, हर नीति को समान रूप से देखा जाएगा।

TikTok की चीनी स्वामित्व को लेकर वर्षों की बहस

TikTok की मूल कंपनी ByteDance (बीजिंग स्थित) के चीनी स्वामित्व को लेकर अमेरिकी सांसदों और सुरक्षा विशेषज्ञों ने लंबे समय से चिंता जताई है। मई में आयरलैंड के डेटा प्रोटेक्शन कमिश्नर ने TikTok पर €530 मिलियन (लगभग ₹4,800 करोड़) का जुर्माना लगाया, यूजर डेटा के गलत इस्तेमाल को लेकर। 2024 में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक द्विदलीय बिल पर हस्ताक्षर किए, जिसमें कहा गया कि अगर ByteDance TikTok को नहीं बेचती तो ऐप पर अमेरिका में प्रतिबंध लगाया जाएगा। यह कानून सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी बरकरार रखा गया था, और इसे जनवरी से लागू किया जाना था।

ट्रंप की नीति में बदलाव

TikTok ने कभी पूरी तरह से अमेरिका से संचालन बंद नहीं किया। ट्रंप ने कई कार्यकारी आदेशों के माध्यम से बार-बार प्रतिबंध को टालते रहे। हाल ही में उन्होंने 16 दिसंबर तक समयसीमा बढ़ा दी। हालांकि पहले दोनों पार्टियों के सांसद TikTok पर प्रतिबंध के समर्थन में थे, लेकिन जैसे-जैसे बैन की तारीख नजदीक आई, विरोध के चलते कई सांसद पीछे हट गए। खासकर अमेरिका में TikTok के 170 मिलियन यूजर्स के दबाव के कारण। बाइडेन प्रशासन ने TikTok को लेकर अंतिम निर्णय ट्रंप के ऊपर छोड़ दिया, जैसे ही वे दोबारा राष्ट्रपति पद पर लौटे। 2020 में ट्रंप TikTok को पूरी तरह से बैन करना चाहते थे, लेकिन कोर्ट ने उन्हें रोक दिया। 2024 में उनका रवैया बदल गया। उन्होंने खुद TikTok जॉइन किया और एक वीडियो में कहा कि वह TikTok को बचाएंगे।