महिलाओं ने लहराया सफलता का परचम

Share Us

2838
महिलाओं ने लहराया सफलता का परचम
27 Aug 2021
5 min read

Blog Post

आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखा रही हैं, जिससे यह साबित होता है कि उनमें हर काम को करने की प्रतिभा पहले से ही थी। महिला समानता दिवस हर साल 26 अगस्त को मनाया जाता है। इस बार हम आपको दुनियां की कुछ सफल महिलाओं के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कई लोगों के लिए प्रेरणा हैं।

एक समय हुआ करता था जब महिलाओं को हमारे समाज में एक कमजोर वर्ग के रूप में देखा जाता था। परिवार की जरूरतों को पूरा करना, परिवार के सभी सदस्यों का खयाल रखने के लिए ही उन्हें सक्षम माना जाता था। उनकी जरूरतों के बारे में ना तो पूछा जाता था, ना वो खुद बताती थीं। लेकिन अब समय पूर्ण रूप से बदल गया है और हर क्षेत्र में महिलाओं ने यह साबित किया है कि वो उन सारे कामों को करने में सक्षम हैं, जो पुरुष कर सकते हैं। आज ऐसी कई सारी महिलाएं हैं जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपना अच्छा नाम और क्षमता स्थापित कर ली है। चाहे हॉलीवुड हो या बॉलीवुड, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स हो या राज्य सभा, देश का नेतृत्व करना हो या किसी खेल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होना, महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे हैं। बिली जीन किंग, ओपरा विनफ़्रे, मारिया शारापोवा, सेरेना विलियम्स, बेनज़ीर भुट्टो, इंदिरा गांधी, मेगन मर्केल जैसी महिलाएं इसका उदाहरण हैं।

पुरुषों के साथ समानता की दिशा में महिलाओं की प्रगति को दिखाने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका में हर साल 26 अगस्त को महिला समानता दिवस मनाया जाता है, लेकिन हमारा मानना है कि हर दिन महिला समानता दिवस होना चाहिए। महिलाओं को हर क्षेत्र में हिस्सा लेना चाहिए और दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनना चाहिए। याद रखें की महिला समानता दिवस का मनाने का मतलब ये बिलकुल भी नहीं है कि महिलाएं, पुरुषों से बेहतर हैं। ये दिन ये दर्शाता है कि पुरुषों और महिलाओं के बीच समानता है। पुरुषों और महिलाओं के बीच समानता तब होती है जब वे दोनों समान रूप से कार्य साझा करने में सक्षम होते हैं। जब उन्हें समान शिक्षा और अवसर मिलते हैं, जब उन्हें समान स्वतंत्रता मिलती है, चाहे वह काम के माध्यम से हो या कोई व्यवसाय स्थापित करने की बात हो आदि।

तो आइए, आज महिला समानता दिवस के अवसर पर हम सभी दुनिया की कुछ सफल महिलाओं के बारे में जानते हैं, जो हम सब के लिए प्रेरणा हैं। इन महिलाओं ने अपने काम और सही निर्णय लेने की खूबी की वजह से काफी सुर्खियाँ बटोरीं हैं।

1.मेलिंडा गेट्स  

मेलिंडा गेट्स, बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सह-अध्यक्ष हैं। बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन गरीबी, बीमारी और असमानता से लड़ने के लिए एक गैर-लाभकारी संगठन हैं। दुनिया में गरीबी, शिक्षा, बीमारी, और कई वैश्विक चुनौतियों को हल करने में मिलिंडा ने अपना योगदान दिया है और इसी वजह से मिलिंडा गेट्स ने दुनिया की सबसे ताकतवर महिलाओं में अपना नाम दर्ज किया।

2.डॉ. जिल बिडेन

20 जनवरी,2021को संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में जो बिडेन की पुष्टि होने के बाद, जिल बिडेन संयुक्त राज्य अमेरिका की फर्स्ट लेडी बनीं। अमेरिका की प्रथम महिला के रूप में डॉ. जिल बिडेन शिक्षा, कैंसर और मिलिट्री परिवारों के लिए काम कर रही हैं।

3.कमला हैरिस

कमला हैरिस कैलिफोर्निया की मूल निवासी हैं। एक भारतीय मां और जमैका के पिता की बेटी, कमला हैरिस एक ऐसा नाम है जिस पर हम सभी महिलाओं को गर्व है। कमला हैरिस अमेरिकी इतिहास में पहली महिला उपराष्ट्रपति के लिए चुनी गईं। 20 जनवरी, 2021 को, कमला हैरिस पहली अश्वेत व्यक्ति और अमेरिकी उपराष्ट्रपति बनने वाली पहली दक्षिण एशियाई-अमेरिकी बनीं। इससे पहले उन्होंने कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल के रूप में भी काम किया था। 

4.निर्मला सीतारामन्

निर्मला सीतारामन् को मई 2019 में भारत के वित्त मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। निर्मला सीतारामन् एक भारतीय अर्थशास्त्री और राजनीतिज्ञ हैं। वह वित्त मंत्रालय और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री हैं। निर्मला सीतारामन् भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री हैं। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य के रूप में भी काम किया हुआ है।

एंजेला मर्केल, अबीगैल जॉनसन, ब्रिटेन की महारानी क्वीन एलिजाबेथ, क्रिस्टीन लेगार्ड, उर्सुला वॉन डेर लेन, मैरी बारा, नैन्सी पेट्रीसिया पेलोसी, एना पैट्रीशिया बोटिन, अबीगैल जॉनसन, ओपरा विनफ़्रे आदि महिलाओं का नाम भी विश्व की सबसे सफल महिलाओं में शामिल है।