Instagram ने नया 'Instants' ऐप लॉन्च किया
News Synopsis
रील्स और इमेज शेयरिंग के लिए मशहूर Instagram ने एक नया इमेज-शेयरिंग ऐप लॉन्च किया है, जिसका नाम 'Instants' है। ये ऐप काफी हद तक स्नैपचैट की तरह काम करता है। यह ऐप उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो बिना किसी दिखावे या एडिटिंग के अपने दोस्तों के साथ तस्वीरें शेयर करना चाहते हैं। आइए जानते हैं, कि यह नया ऐप क्या है, और कैसे काम करता है:
क्या है, Instagram Instants?
यह नया ऐप असल में इंस्टाग्राम के उस फीचर का ही नया रूप है, जिसे पहले 'Shots' के नाम से जाना जाता था। यह फीचर पहले इंस्टाग्राम के मैसेज सेक्शन में ही मौजूद था, और इसे 'इन-द-मोमेंट' यानी तुरंत फोटो क्लिक करके शेयर करने के लिए बनाया गया था। हालांकि यह फीचर लोगों के बीच ज्यादा मशहूर नहीं हो पाया। शायद यही वजह है, कि कंपनी ने अब इसे एक अलग और डेडिकेटेड ऐप के तौर पर पेश किया है।
कैसे काम करता है, यह ऐप?
Instants ऐप का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। आप इसमें अपने मौजूदा इंस्टाग्राम अकाउंट से ही लॉग-इन कर सकते हैं। इस ऐप को खोलते ही सीधे कैमरा ओपन हो जाता है। आप तुरंत फोटो क्लिक करके अपने दोस्तों को भेज सकते हैं, और 24 घंटे के बाद वे तस्वीरें अपने आप गायब हो जाती हैं।
क्या है, Instants की खासियत?
Instants ऐप का पूरा फोकस आपकी 'असली' जिंदगी के पलों को बिना किसी दिखावे के पेश करना है। जहां आज का इंस्टाग्राम सजी-धजी और प्रोफेशनल तस्वीरों से भरा रहता है, वहीं Instants आपको एक बेबाक अनुभव देता है। इसमें आप अपनी गैलरी से कोई पुरानी फोटो अपलोड नहीं कर सकते।
आपको ऐप के कैमरे से तुरंत फोटो खींचनी होती है, जिसे एडिट करने या फिल्टर लगाने की कोई सुविधा नहीं मिलती, हालांकि आप अपनी बात कहने के लिए थोड़ा टेक्स्ट जरूर जोड़ सकते हैं। सुरक्षा और प्राइवेसी के लिहाज से इसमें शेयर की गई तस्वीरें केवल 24 घंटे तक ही उपलब्ध रहती हैं, और आपके दोस्त उन्हें सिर्फ एक बार देख सकते हैं। कुल मिलाकर यह ऐप Snapchat और BeReal की तरह बिना किसी दबाव के असल पलों को शेयर करने के लिए बनाया गया है।
मेन ऐप के साथ भी करेगा काम
यह नया ऐप इंस्टाग्राम के मौजूदा इकोसिस्टम के साथ मिलकर काम करेगा। इंस्टाग्राम पहले से ही कुछ देशों में 'Instants' को अपने मुख्य ऐप के भीतर एक फीचर के तौर पर टेस्ट कर रहा है। इससे यूजर्स को यह आजादी मिलेगी कि वे इसे अलग ऐप के रूप में इस्तेमाल करें या फिर मुख्य इंस्टाग्राम ऐप के अंदर ही।
कनेक्टिविटी को आसान बनाने के लिए इसमें आपकी फ्रेंड लिस्ट को शेयर रखा गया है। यानी आप अपने 'Instants' उन्हीं दोस्तों या 'क्लोज फ्रेंड्स' के साथ शेयर कर पाएंगे जो इंस्टाग्राम पर आपसे जुड़े हैं। फिलहाल यह सुविधा iOS और Android दोनों प्लेटफॉर्म के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है।
इंस्टाग्राम ऐसा क्यों कर रहा है?
इंस्टाग्राम के इस कदम के पीछे की असल वजह सोशल मीडिया पर बढ़ते दिखावे के दबाव को कम करना है। कंपनी के अनुसार वे यूजर्स को एक ऐसा प्लेटफॉर्म देना चाहते हैं, जहां लोग बिना किसी झिझक के अपनी कैजुअल फोटो और वीडियो शेयर कर सकें।
दरअसल समय के साथ इंस्टाग्राम विज्ञापनों और इन्फ्लुएंसर्स की चमक-धमक से इतना भर गया है, कि यह अब पहले जैसा पर्सनल नहीं रहा। 'Instants' के जरिए कंपनी अपनी पुरानी पहचान वापस पाने की कोशिश कर रही है, ताकि वह उन ऐप को कड़ी टक्कर दे सके जो सिर्फ करीबी दोस्तों के बीच होने वाली बातचीत और असल पलों पर फोकस करते हैं।
क्या यह चल पाएगा?
टेक जानकारों का मानना है, कि इंस्टाग्राम शायद इस 'बिना फिल्टर वाले' ट्रेंड में थोड़ी देर से एंट्री ले रहा है, क्योंकि BeReal जैसे ऐप का क्रेज अब पहले जैसा नहीं रहा। इसके अलावा ज्यादातर लोग तुरंत फोटो शेयर करने के लिए पहले से ही 'इंस्टाग्राम स्टोरीज' का जमकर इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि लोग एक अलग ऐप डाउनलोड करना पसंद करते हैं, या नहीं।
उपलब्धता
यह नया ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स के लिए उपलब्ध है। आसान शब्दों में कहें तो यह तेजी से फोटो शेयर करने का एक नया जरिया है। इसे देखकर आपको पूरी तरह से Snapchat की याद आ जाएगी।


