अंशु मलिक का विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में जलवा

News Synopsis
भारत के लिए विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अंशु मलिक ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। वह पहली ऐसी भारतीय महिला बन गई हैं, जिन्होंने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है। वह इस प्रतिस्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। फाइनल मुकाबले में 20 वर्ष की अंशु मलिक को 57 किलोग्राम वर्ग में खेल रही पिछले दो बार की विश्व विजेता टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली अमेरिका की हेलेन मारूलिस ने मात दी। अंशु मलिक काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही थीं लेकिन उन्हें आखिर में हार का सामना करना पड़ा। छोटी उम्र में बड़ा कारनामा करने के बाद पूरे देश में उनकी वाहवाही हो रही है। आपको बता दें विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 59 किलोग्राम के मुकाबले में भारत की सरिता मोर ने भी कांस्य पदक अर्जित किया है। भारतीय महिलाओं का दबदबा टोक्यो ओलंपिक की तरह विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भी नजर आ रहा है।