भारत और अमेरिका के बीच जिस ट्रेड डील को लेकर बीते कई महीनों से अनिश्चितता बनी हुई थी, उस पर आखिरकार सहमति बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद इस बड़े व्यापार समझौते की घोषणा की। इसके तहत अमेरिका ने भारत पर लगाया गया कुल टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया है। इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, और दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों में नया अध्याय जुड़ गया है।
डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक भारत पर अब सिर्फ 18% रेसिप्रोकल टैरिफ लागू होगा। इससे पहले अमेरिका ने भारत पर 25% बेस टैरिफ लगाया था, और रूस से कच्चा तेल खरीदने के आरोप में अगस्त 2025 में 25% अतिरिक्त पेनल्टी जोड़ दी थी। इस तरह भारत पर कुल टैरिफ 50% तक पहुंच गया था।
रूस से तेल खरीद को लेकर लगाया गया अतिरिक्त 25% टैरिफ पूरी तरह हटा लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Truth Social’ पर ट्रेड डील की घोषणा की। ट्रंप ने दावा किया कि बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक राजनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई और भारत ने रूस से तेल खरीद बंद करने पर सहमति जताई।
ट्रंप के अनुसार भारत अब अमेरिका से ज्यादा कच्चा तेल खरीदेगा। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर वेनेजुएला से तेल आयात करने की संभावना पर भी सहमति बनी है। अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है, कि इससे रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी और वैश्विक शांति की दिशा में कदम बढ़ेगा।
डील के तहत भारत ‘Buy American’ नीति के अंतर्गत अमेरिका से 500 अरब डॉलर (करीब 46 लाख करोड़ रुपए) से अधिक का सामान खरीदेगा। इसमें ऊर्जा, तकनीक, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य औद्योगिक वस्तुएं शामिल होंगी। ट्रंप ने इसे अमेरिका की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा बूस्ट बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% करने का फैसला भारत के 1.4 अरब लोगों के लिए राहत भरा है। इस फैसले के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का दिल से धन्यवाद।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा PM मोदी अपने देश के मजबूत और सम्मानित नेता हैं। हम दोनों ऐसे लोग हैं, जो बातें नहीं, काम करके दिखाते हैं।
2 अप्रैल 2025 - अमेरिका ने भारत पर 10% बेसलाइन टैरिफ लगाया
5 अप्रैल 2025 - 26% टैरिफ का ऐलान
9 अप्रैल 2025 - 90 दिनों के लिए टैरिफ स्थगित
31 जुलाई 2025 - 25% रेसिप्रोकल टैरिफ घोषित
6 अगस्त 2025 - रूस से तेल खरीद पर 25% अतिरिक्त टैरिफ
27 अगस्त 2025 - कुल टैरिफ 50%
2 फरवरी 2026 - टैरिफ घटाकर 18%
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि डील लगभग तय है, और कुछ तकनीकी कागजों पर जल्द हस्ताक्षर होंगे। उनके अनुसार यह समझौता मोदी-ट्रंप के बीच वर्षों से चली आ रही मजबूत दोस्ती का नतीजा है, और इससे भारत उन देशों में शामिल हो गया है, जिन पर अमेरिका सबसे कम टैरिफ लगाता है।
रूस - 50%
ब्राजील - 50%
चीन - 34%
साउथ अफ्रीका - 30%
बांग्लादेश - 20%
पाकिस्तान - 19%
भारत - 18%
यूरोपीय संघ - 15%
जापान - 15%