तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने जिले के पनपक्कम में Tata Motors ने जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) कारखाने का उद्घाटन किया और पहली ’रेंज रोवर ईवोक’ कार चलाई। चेन्नई से करीब 90 किलोमीटर दूर सिपकोट कैंपस में स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में मुख्यमंत्री ने टाटा सन्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को साथ वाली सीट पर बैठाकर कुछ दूरी तक पहली कार चलाई। यह 470 एकड़ भूमि में फैला प्लांट देश में अपनी तरह की पहली इकाई है, जहां जेएलआर के लक्जरी मॉडल का विनिर्माण किया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार इस 9,000 करोड़ रुपए की परियोजना के लिए समझौता मार्च 2024 में किया गया था। उसी वर्ष सितंबर में इसका शिलान्यास हुआ। राज्य के उद्योग मंत्री टी. आर. बी. राजा ने कहा कि यह प्लांट 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार देगा। इस प्लांट के साथ कंपनी का लक्ष्य अगले पांच से सात साल में अपनी कुल उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 2.5 लाख यूनिट सालाना करना है, ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग को पूरा किया जा सके। टीएमपीवी ने में कहा कि यह सुविधा अगली पीढ़ी के वाहनों (ईवी सहित) के उत्पादन के लिए एक नये प्लांट के विकास के पहले चरण को दर्शाती है। यह प्लांट टीएमपीवी और जेएलआर दोनों ब्रांड के लिए वाहन तैयार करेगा।
कंपनी ने बताया कि इस प्लांट से निकलने वाला पहला वाहन जेएलआर का स्थानीय स्तर पर निर्मित ’रेंज रोवर इवोक’ है। रिपोर्ट के अनुसार परिचालन शुरू होने के साथ ही वाहन उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। अगले पांच से सात वर्षों में इसे 2.5 लाख वाहनों की पूर्ण वार्षिक क्षमता तक पहुंचाया जाएगा, जो भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों की जरूरतों को पूरा करेगा।
कंपनी ने कहा "कुल मिलाकर टीएमपीवी अपनी दीर्घकालिक विकास महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए इस अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में नौ हजार करोड़ रुपए निवेश करने का इरादा रखती है।’’
टाटा संस और टीएमपीवी के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन N. Chandrasekaran ने कहा "पनपक्कम प्लांट का उद्घाटन सस्टेनेबल और फ्यूचर रेडी मैन्युफैक्चरिंग में भारत के नेतृत्व को गति देने की टाटा समूह की यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमें तमिलनाडु के साथ अपनी दीर्घकालिक साझेदारी को गहरा करने पर गर्व है।’’
उन्होंने कहा कि इस प्लांट के माध्यम से कंपनी भारत और दुनिया भर के ग्राहकों के लिए उत्कृष्ट गुणवत्ता, शिल्प कौशल और टेक्नोलॉजी वाले वाहनों का उत्पादन करने के लिए तैयार है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा "टाटा समूह ने राष्ट्र निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और तमिलनाडु के साथ इसकी गहरी ऐतिहासिक साझेदारी है। इस नयी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में परिचालन शुरू होने और रानीपेट के पनपक्कम में पहली ’रेंज रोवर इवोक’ के उत्पादन के साथ राज्य को विश्वस्तरीय वाहन विनिर्माण के विस्तार का गवाह बनने पर गर्व है।" स्टालिन ने कहा कि राज्य इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का स्वागत करता है, और उन उद्योगों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो रोजगार पैदा करते हैं, और इनोवेशन को बढ़ावा देते हैं।