क्या आप जानते हैं कि क्लाइमेट चेंज की वजह से देश को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। जी हाँ क्लाइमेट चेंज (Climate Change) की वजह से भारत को बड़ा आर्थिक संकट झेलना पड़ा है। पूरी दुनिया में क्लाइमेट चेंज का असर देखने को मिला है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के वैश्विक मौसम संस्थान ने कहा है कि महाद्वीप के हर क्षेत्र में बढ़ते तापमान का प्रभाव पड़ा है। विश्व मौसम संगठन (WMO) की इस रिपोर्ट में जलवायु परिवर्तन की वजह से पिछले साल चक्रवात, बाढ़ और सूखा जैसे प्राकृतिक आपदाओं की वजह से भारत को 87 अरब डॉलर यानी करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। चीन की अर्थव्यवस्था को 2020 में जलवायु परिवर्तन से 238 अरब डॉलर यानी करीब 17 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और जापान को 83 अरब डॉलर यानी करीब 6.2 लाख करोड़ रुपये और दक्षिण कोरिया को 24 अरब डॉलर यानी 1.7 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। जलवायु परिवर्तन और कठोर मौसम की वजह से हजारों लोगों की जान चली गई और इन सबसे उबरने के लिए अरबों डॉलर खर्च हुए। 2020 में एशिया में बाढ़ और तूफान से लगभग 5 करोड़ लोग प्रभावित हुए और 5000 से अधिक लोग मारे गए।