सप्ताह में एक किताब पढ़ने के लिए 6 टिप्स

3931
22 Oct 2021
9 min read

Post Highlight

एक सर्वे के अनुसार अमेरिका के ज्यादातर सीईओ एक हफ्ते में कम से कम एक किताब तो जरूर पढ़ते हैं यानी एक साल में करीब पचास किताबें। सही ट्रिक्स के साथ आप एक हफ्ते में एक पुस्तक बहुत आसानी से पढ़ सकते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताएंगे जिनकी मदद से आप सप्ताह में एक किताब आसानी से पढ़ पाएंगे।

Podcast

Continue Reading..

हमें अक्सर कहा जाता है कि जिंदगी में रोज़ कुछ नया सीखने के लिए नई-नई किताबें पढ़ना चाहिए। एक सर्वे के अनुसार अमेरिका के ज्यादातर सीईओ एक हफ्ते में कम से कम एक किताब तो जरूर पढ़ते हैं यानी एक साल में करीब पचास किताबें। कई लोग यह लक्ष्य तो बना लेते हैं कि वे भी अलग-अलग तरीके की किताबें पढ़ेंगे और हफ्ते में कम से कम एक किताब अवश्य पढ़ेंगे। लेकिन वे किताबें पढ़ने का समय नहीं निकाल पाते हैं और उनका यह लक्ष्य अधूरा रह जाता है। सही ट्रिक्स के साथ आप एक हफ्ते में एक पुस्तक बहुत आसानी से पढ़ सकते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताएंगे जिनकी मदद से आप सफ्ताह में एक किताब आसानी से पढ़ पाएंगे।

1. किताबें पढ़ना अपनी आदत बनाएं

नई आदतें बनाना मुश्किल तो होता है लेकिन यह आदत हमेशा आपके काम आएगी। शुरुआत में कम से कम 30 मिनट के लिए पढ़ने की कोशिश करें और उसके बाद एक बार जब आपको किताबें पढ़ने की आदत लग जाएगी तो आप पढ़ते रहेंगे और आपको समय का पता भी नहीं चलेगा। किताबें पढ़ने का समय निर्धारित करें और खाली बैठने के बजाय किताबें पढ़कर कुछ नया सीखें।

2.एक साथ कम से कम दो किताबें पढ़ें

अगर आपको जल्दी-जल्दी किताबें पढ़नी है तो आप एक साथ दो अलग-अलग तरीके की किताबें पढ़ सकते हैं। जैसे सुबह के वक्त अगर आप किसी की जीवनी पढ़ रहे हैं तो शाम को आप साहित्य की कोई पुस्तक पढ़ सकते हैं। ऐसा करने से आप बोर भी नहीं होंगे और किताबें भी जल्दी-जल्दी खत्म होंगी।

3.नींद आने पर ना पढ़ें

नींद आने पर जब आप पढ़ने की कोशिश करेंगे तो आप उस किताब के बारे में ज्यादा कुछ जान नहीं पाएंगे और थके होने के कारण आप जल्दी सो भी जाएंगे। इस तरह किताबें पढ़ने का कोई फायदा नहीं है। किताबें तभी पढ़ें जब आप अच्छा महसूस कर रहे हों और रात की बजाय सुबह पढ़ना आपके लिए ज्यादा अच्छा विकल्प रहेगा। 

4.हर जगह किताबों को अपने साथ ले जाएं

अक्सर खाली समय में हम मोबाइल पर स्क्रॉल करना ज्यादा पसंद करते हैं। अगर आप हर जगह किताबों को अपने साथ ले जाएंगे तो आप मोबाइल पर समय बर्बाद करने की जगह अपनी किताब को पढ़ेंगे। खासकर के सफर के दौरान किताबों को ले जाना बिल्कुल ना भूलें। कहने का तात्पर्य यह है कि अपने समय का सदुपयोग करें और कुछ नया सीखें।

5. किताबें पढ़ने को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएं

सुबह से शाम तक अपना सारा काम करने के बाद जब आपके पास समय नहीं बचता है तो आपको याद आता है कि आपको कुछ पढ़ना भी था। अपने साथ ऐसा ना होने दें। रोज़ किताबें पढ़ना एक अच्छी आदत है और इसीलिए इसे अपनी पहली प्राथमिकता बनाएं। सुबह व्यायाम करने के बाद किताबों को पढ़ना सबसे अच्छा विकल्प है।

6.हर दिन 30 से 40 पेज पढ़ें

आपने लक्ष्य बनाया है कि आपको एक हफ्ते में एक किताब पढ़नी है तो सबसे पहले किताब के पृष्ठ देखें और उसे सात से भाग दें। जैसे अगर कोई किताब 350 पृष्ठ की है तो आपको हर दिन 50 पृष्ठ तो पढ़ना ही होगा। दिन भर में 50 पृष्ठ पढ़ना कोई बहुत बड़ा लक्ष्य भी नहीं है और ऐसा करने से आप एक हफ्ते में एक किताब भी खत्म कर पाएंगे।

TWN In-Focus