फोटोग्राफी ने बदला समाज का नजरिया 

4036
19 Aug 2021
5 min read

Post Highlight

दुनिया में हर पल ऐसा होता है जिसमें कुछ ना कुछ तस्वीरों में कैद करने लायक होता है, बस ज़रूरत होती है, तो उस नज़र की जो उस पल को पकड़ पाए और तस्वीरों में कैद कर पाए। फोटोग्राफी का हुनर हर किसी के पास नहीं होता है पर जिसके पास होता है वह पूरी सोच को बदलने का जज्बा अपने अंदर रखता है। फोटोग्राफी ने दुनिया में कई बार हालातों को बदला है और उम्मीद है कि आगे भी अपने हुनर से यह ऐसा करता रहेगा। 

Podcast

Continue Reading..

प्रकृति की खूबसूरती की तुलना किसी भी वस्तु से नहीं की जा सकती है। हम भले ही कितनी कृत्रिम वस्तुओं का निर्माण कर लें, परन्तु हम प्रकृति की खूबसूरती की बराबरी नहीं कर सकते। हाँ इसके साथ ही कृत्रिम वस्तुओं को भी अनदेखा नहीं कर सकते हैं, मानव द्वारा निर्मित वस्तुओं, स्थानों ने भी प्रकृति को और सुन्दर बनाया है। जब हम कोई ऐसी चीज देखते हैं, जो हमारी नज़रों को अपनी ओर आकर्षित करती है, तो हम यह इच्छा रखते हैं कि काश हम इस दृश्य को बाद में भी देख पाएं। ज़रूरी नहीं कि यह भावना केवल प्रकृति या फिर कृत्रिम वस्तुओं की खूबसूरती के लिए ही आये। कभी-कभी हमारी आँखों के सामने ऐसी घटनाएं घटित होती है जिन्हें हम औरों को दिखाने के लिए, दुनिया तक पहुँचाने के लिए अपने पास सहेज के रखना चाहते हैं। हमारे जीवन में ऐसी अनगिनत घटनाएं रोज ही घटित होती हैं। हम रोज ऐसे पहलुओं से रूबरू होते हैं, जो हमारे दिमाग को यह सोचने का मौका देती है। हम कभी-कभी उन दृश्यों को नज़रों में ही कैद कर लेते ,हैं तो कभी किसी कृत्रिम वस्तु से बाद में याद के रूप में सहेज लेते हैं। आखिर क्या है वो वस्तु जो हमें हमारी यादों को फिर से जीने का मौका देती है? आखिर कैसे हम उन दृश्यों को अपनी आँखों के सामने फिर से देख पाते हैं?  हम कैसे दूसरों को उन घटनाओं से रूबरू करा पाते हैं? इन्हीं सब उत्सुकताओं को ख़त्म करने के लिए मनुष्य ने एक ऐसी वस्तु का निर्माण किया, जो हमें अपने पुरानी यादों को फिर से जीने का मौका देती है, जिसे हम इंसानों ने कैमरे का नाम दिया। कैमरे की मदद से हम उन यादों को कैद करते हैं 'तस्वीर' के रूप में, जो स्थिर दृश्य को प्रदर्शित करती है परन्तु यादों को नज़रों के सामने फिर से घटित करती है। इस नए दौर में कैमरे से तस्वीरें खींचना(फोटोग्राफी) मनुष्य का शौक हो गया है, जिसे उसने अब अपना पेशा भी बना लिया है।

बिना शब्दों के कहानी बयां करना 

फोटोग्राफी में हम कई लम्हों को कैद करते हैं, जो अनेक कहानियां बयां करता है। फोटोग्राफी वो कला है, जो बिना कुछ कहे, बिना कुछ लिखे, आप कह सकते हैं ' बिना शब्दों का इस्तेमाल किये' किसी बात को, किसी भावना को पूरी दुनिया तक पहुँचाने का हुनर अपने पास रखती है। फोटोग्राफी वो माध्यम है, जो पूरी दुनिया में क्रांति लाने का जज्बा अपने अंदर समेटे रहती है। इसने अपने दम पर ना जाने कितने हालातों को बदला है। कितनी अंजान परिस्थितियों को दुनिया के सामने प्रकट किया है। फोटोग्राफी करना मनुष्य का शौक तो है ही परन्तु कुछ लोगों के लिए यह एक जूनून भी है। आज के समय में हर कोई अपने फोन से भी फोटोग्राफी करता रहता है, परन्तु क्या यह सच में फोटोग्राफी है। हम ये नहीं कह सकते कि फोन से फोटोग्राफी नहीं की जा सकती, परन्तु फोटोग्राफी केवल वही कर सकता है, जो हर एक तस्वीर को बोलने पर मजबूर कर सके अर्थात उस तस्वीर को देख कर कोई भी व्यक्ति उस वक़्त की परिस्थिति को भांप लें। इसका दूसरा पहलू भी किसी व्यक्ति को एक बेहतर फोटोग्राफर बनाता है, यदि वह मौजूदा परिस्थिति को अपने हुनर से तस्वीर में कोई और कहानी बयां करने को मजबूर कर दे। सबसे खास बात फोटोग्राफी की यह है कि यह किसी का आंकलन नहीं करती, यह सिर्फ बयां करती है।   

 क्यों है फोटोग्राफी महत्वपूर्ण?

फोटोग्राफी करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमें यह पता हो कि आखिर हम फोटोग्राफी करना क्यों चाहते हैं। कोई व्यक्ति किसी काम में सफल तभी होता है जब उसका उद्देश्य स्पष्ट हो। इसके माध्यम से आप क्या महत्वपूर्ण है ये बता सकते हैं, किसी इतिहास को बयां कर सकते हैं, कोई कहानी बयां कर सकते हैं, किसी की भावना को व्यक्त कर सकते हैं। इसके माध्यम से आप लोगों को प्रेरित कर सकते हैं। फोटोग्राफी भी आप हर क्षेत्र में नहीं कर सकते, आप उसी क्षेत्र में कर सकते हैं जिसमें आपकी रूचि हो। जैसे कि आपको जानवरों का फोटो खींचना पसंद है, आपको खेल-कूद का तस्वीर लेना पसंद है, आपको शादी वगैरह की तस्वीरें लेना पसंद है, ऐसे कई विकल्प है। परन्तु आप उसी में अच्छा कर पाएंगे जिसमें आपकी रूचि होगी। फोटोग्राफी विज्ञान, पर्यावरण, इतिहास, ज्ञान प्रत्येक के परिपेक्ष में महत्वपूर्ण है। इससे ही हम आने वाले समय के लिए चीजों को सहेज के रखते हैं। बस यह निर्भर इस बात पर करता है कि हम क्या करना चाहते हैं। 

किस क्षेत्र में कर सकते हैं फोटोग्राफी? 

हम पोट्रेट फोटोग्राफी कर सकते हैं, जिसमें हम लोगों को और उनकी भावनाओं को कैद कर सकते हैं। हम लाइफ-स्टाइल से जुड़ी फोटोग्राफी कर सकते हैं, हम वाइल्ड-लाइफ फोटोग्राफी कर सकते है। लैंडस्कैप फोटोग्राफी के जरिये हम प्रकृति को तस्वीरों में कैद कर सकते हैं। हम खाने, पालतू  जानवरों, खेल-कूद, किसी इवेंट्स या फिर उन चीजों की भी फोटोग्राफी कर सकते हैं, जो हमें हमारी आँखों से दिखाई नहीं देते मतलब सूक्ष्म चीजों की फोटोग्राफी। डॉक्यूमेंट्री फोटोग्राफी, मौसम फोटोग्राफी ऐसे ना जाने कितने ही क्षेत्र हैं, जो हमें खुद को निखारने का मौका देते हैं। यदि हम लगन से फोटोग्राफी करें तो यह हमारे जीवन को आर्थिक रूप से भी मजबूती देती है। 

भावनाओं को ज़िंदा करती तस्वीरें -

दुनिया में तस्वीरें पहले भी लोगों के दिल और दिमाग को झकझोर चुकी हैं। फोटोग्राफी के प्रभाव का अंदाजा आप इससे ही लगा सकते हैं कि दुनिया में ऐसी कई तस्वीरें फोटोग्राफर्स द्वारा खींची गयीं जिसने पूरी दुनिया ध्यान अपनी तरफ खींचा।

Source - https://allthatsinteresting.com/influential-photographs#37

1 - 1945 में नागासाकी में हुए परमाणु बम हमले के समय खींची गयी तस्वीर ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया और लोगों को नागासाकी में हुए भयावह परिस्थिति से परिचय कराया, जिसे आज भी लोग याद रखते हैं।

2 - 2011 में जापान में आये सुनामी में पुलिस के हाथ में एक 4 महीने की बच्ची के तस्वीर ने सबके दिल को दहलाया था। 

3 - 2007 में 7 महीने इराक में सेवा देने के बाद एक माँ अपनी बेटी से काफी समय बाद मिली थी। फोटोग्राफर द्वारा खींची गयी इस तस्वीर ने प्रत्येक व्यक्ति को रुलाया था। 

4 - 2009 में अमेरिकी सैनिक को अफगान व्यक्ति ने चाय पीने को दिया, जिस पल को फोटोग्राफर ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। इस तस्वीर ने भी दुनिया में खूब सुर्खियां बटोरी। 

5 - 2011 में सूडान के एक सैनिक का अभ्यास के दौरान खिंचा गया फोटो लोगों की उत्सुकता का केंद्र बना।   

6 - 1993 में सूडान में एक निराहार बच्चे की खींची गयी तस्वीर जिसके पीछे गिद्ध बैठ कर उसको देख रहा है, ने दुनिया में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना से मिलाया था। 

ऐसी ना जाने कितनी ही तस्वीरें खींची गयी हैं जिसने तस्वीरों को सांस दी, जिसे प्रत्येक व्यक्ति ने महसूस किया। 

फोटोग्राफी एक अच्छा रोजगार 

फोटोग्राफी के माध्यम से आप अपने लिए एक अच्छा रोजगार ढूंढ सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति अपने पलों को कैद करना चाहता है। इसके लिए हर कोई ऐसे व्यक्ति की तलाश में रहता है, जो अच्छी तस्वीरें खींचे। आज कल हर जगह कुछ ना कुछ इवेंट्स होते रहते हैं, जिसके लिए भी अच्छे फोटोग्राफर्स की जरुरत पड़ती है। ऐसे में यदि आप एक अच्छे फोटोग्राफर हैं तो इसे अपने रोजगार के रूप में चुनना गलत फैसला नहीं होगा।   

TWN Special