कैसे बनायें घर पर टेडी?

Share Us

6014
कैसे बनायें घर पर टेडी?
21 Sep 2021
9 min read

Blog Post

टेडी हर उम्र के लोगों को पसंद आता है। अगर घर में बच्चे हों तो टेडी तो घर की जरूरत हो जाती है। लोगों को तोहफे में टेडी देना आज एक आम बात है। दुनिया में तो एक दिन टेडी डे के नाम से मनाया भी जाता है। कुछ लोगों को तो टेडी इतना ज्यादा पसंद रहता है कि वह अपने घर के हर कोने में एक टेडी जरूर रखते हैं। घर में सजावट के तौर पर टेडी बहुत इस्तेमाल की जाती है। अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए भी लोग टेडी का सहारा लेते हैं। टेडी की अधिक मांग होने के कारण इसे बनाने के काम को व्यवसाय का रूप दे सकते हैं। 

मानव के शौक ही नई-नई चीजों का निर्माण कराते हैं। मनुष्य का दिमाग इस प्रकार कार्य करता है कि वह हमेशा पुरानी चीजों में भी नई योजनाओं का निर्माण कर देता है। दुनिया में कुछ पुराने प्रचलन आज भी जीवित हैं, बस कुछ मायनों में उनके प्रस्तुतिकरण का रूप थोड़ा-बहुत बदल गया है। यह प्रचलन आज भी उतनी ही तत्परता से क्रियान्वयित हैं क्योंकि वह आज भी हमारे विचारों में खास स्थान बनाये हुए हैं। किसी भी उम्र के व्यक्ति को यदि लोगों से उपहार मिले तो उसे क्यों ख़ुशी नहीं होगी। मानव सभ्यता में उपहार देना एक साधारण बात है। यह एक प्रचलन है, जिसे दुनिया के हर कोने में मनुष्यों द्वारा निभाया जाता है। उपहार लोगों को कई चीजों के आधार पर दिए जाते हैं। लोग उपहार में कभी अपनी पसंदीदा वस्तु को तोहफे में देते हैं, तो कभी जिसे दिया जाता है उसकी पसंद के आधार पर तोहफे देते हैं। तोहफे में कभी सामने वाले की जरूरत के हिसाब से तोहफा दिया जाता है तो कभी उसके उम्र के हिसाब से। परन्तु इन सब बातों में एक बात का ध्यान अवश्य रखा जाता है कि लेने वाले व्यक्ति को उपहार पसंद आये। कुछ वस्तुएं ऐसी होती हैं, जो मानव मन को निश्चित तौर पर पसंद आती हैं। जब किसी व्यक्ति को तोहफे में क्या दिया जाय ये नहीं समझ आता तो मनुष्य इन्हीं वस्तुओं का चुनाव करता है। टेडी एक ऐसा ही खिलौना है, जिसे उपहार के रूप में बहुत ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है।        

घर पर भी बना सकते हैं टेडी 

टेडी इतना प्यारा खिलौना होता है कि इसे केवल उपहार के तौर पर ही नहीं बल्कि लोग सजावट के तौर पर भी अपने घरों में इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा बच्चों को टेडी अधिक पसंद होने के कारण भी लोग इसे खरीदते हैं। टेडी की इतनी खरीद होती है कि यदि कोई व्यक्ति इसका व्यवसाय शुरू करने की योजना बनाये तो उसमें अवश्य लाभ होगा। टेडी की ख़ास बात यह है कि यह घर पर भी बनाया जा सकता है। इसको बनाने में इस्तेमाल किये जाने वाले अधिकतम सामान तो मनुष्य को घर पर ही उपलब्ध हो जाते हैं। हां यदि आप इसको व्यवसाय के लिए चुनते हैं तो आपको अधिक मात्रा में वस्तुओं की आवश्यकता पड़ेगी। 

टेडी कई तरह से बनाये जाते हैं। इसमें हम घर के कुछ वस्तुओं का भी उपयोग कर सकते हैं, जैसे की कपड़े, बटन, रुई। टेडी का व्यवसाय अपने घर से शुरू किया जाने वाला एक कार्य है जो आपको लम्बे समय तक लाभ पहुंचाने की क्षमता रखता है। इसके लिए आपको बस कुछ ऐसे अच्छे लोगों की आवश्यकता होती है जो विभिन्न प्रकार के टेडी बनाने में माहिर हों, यदि आपके अंदर भी यह कुशलता है तो और भी अच्छी बात है।

सामान्यतः घर पर कैसे बनाएं टेडी बियर

टेडी बनाने के लिए सबसे पहले तो आप कपड़े का चुनाव करें। यह एक महत्पूर्ण चुनाव होता है, क्योंकि ये कपड़ा ऊपरी सतह पर इस्तेमाल किया जाता है। इसी को देखकर कोई भी टेडी प्रेमी आपके उत्पाद की तरफ आकर्षित होगा, इसके साथ इस बात का भी ध्यान रखें कि कपड़ा मुलायम होना चाहिए, तभी उसकी ज्यादा मांग होगी। टेडी कई आकार में आते हैं। आप यह सुनिश्चित कर लें कि आपको किस आकर का और किस जीव का टेडी बनाना है। तब कपड़े को उतनी मात्रा में रंग और गुणवत्ता के आधार पर चुनें। 

कागज़ पर टेडी का आकर बना लें 

कपड़े को काटने से पहले टेडी का आकार एक कागज पर बना लें या फिर इसे ऑनलाइन की मदद से प्रिंट करके इसकी रूपरेखा तैयार कर सकते हैं। इसकी मदद से कपड़े को निश्चित आकार में काट लें। यदि आप छोटा टेडी बना रहे हैं, तो उस कागज़ के ऊपर कपड़ा रख कर काट सकते हैं, इससे आपको सही आकार में काटने में आसानी होगी। ध्यान रहे कागज के आकार से थोड़ा अधिक कपड़े को लेकर ही कटाई करें, इससे आपको बाद में कपड़े को सिलने में आसानी होगी। इसी प्रकार आप आगे-पीछे दोनों तरफ के लिए कपड़े को काट लें। 

कपड़े को सिलकर दें टेडी का ढांचा 

अब काटे गए दोनों कपड़े को एक साथ सिलकर टेडी का निश्चित ढांचा बना लें, जिसमें अंदर आप रुई को भर पाएं। अंदर रुई भरने के लिए थोड़ी जगह बिना सिलाई के ही छोड़े रखें। सिलाई वहीं से करें जहां तक कागज़ के आकार को लिया है। अतिरिक्त लिए गए कपड़े को सिलाई करने के बाद थोड़ी-थोड़ी दूरी पर कैंची से काट दें। इससे सिलाई खुलने का डर नहीं रहेगा। ध्यान रहे केवल कपड़े को ही काटें, सिलाई किये हुए धागे पर कैंची ना चलाएं, वरना सिलाई का धागा खुल जायेगा। 

ढांचे में रुई को भरें 

अब सिले हुए ढाँचे को उल्टा कर दें, यानि कपड़े को उस तरफ पलट दें जिधर से अतिरिक्त निकला हुआ कपड़ा दिखाई ना दे। यदि ढांचा पलटने के बाद आकर सही रूप से नहीं आ रहा तो ढांचे के खुले स्थान से चमच्च या किसी लकड़ी के सहारे अंदर के कपड़े को बाहर निकालकर सही आकर में लाएं। अब पूरी तरह से ढांचे को सही कर लें और उसमें रुई को भरें। टेडी स्पंजी बने इसके लिए टेडी में बहुत अधिक दबाकर रुई ना भरें परन्तु कोशिश करें की टेडी का कोई भी हिस्सा छूट न जाये। रुई के लिए आप पॉलीफिल फाइबर स्टफिंग, कॉटन बॉल. स्कैप फैब्रिक और यार्न का उपयोग कर सकते हैं। जब आपको लगे कि अब आपको टेडी में रुई डालने की जरुरत नहीं है तो इसके बाद ढांचे में पैर के पास छोड़े गए गैप को सिल दें। 

आंख, नाक, कान बनाने के कई विकल्प 

इसके बाद टेडी के चेहरे को बनाने के लिए कपड़े की सहायता से आँख, नाक बना सकते हैं या फिर इसके लिए विभिन्न प्रकार के बटन का उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही कपड़ो के ऊपर इस्तेमाल किये जाने वाले मार्कर की मदद से टेडी का चेहरा बना सकते हैं। कोशिश करिये कि टांकने वाले बटन का प्रयोग करिये, इसके अधिक समय तक टिके रहने की सम्भावना रहती है। नाक के लिए हमेशा आँख की तुलना में बड़ा बटन लें इससे टेडी देखने में अच्छा लगेगा। इसके अलावा बटन को गोंद की सहायता से भी मार्क बनाकर चिपका सकते हैं। चिपकाने के लिए गर्म गोंद का इस्तेमाल करें। टेडी में कान को रूप देने के लिए अन्य रंग के कपड़े को अंडाकार आकर में काटकर कान के ढांचे की जगह पर सिलें। यदि आप चाहें तो चेहरे के स्थान पर भी ऐसे ही कपड़े का प्रयोग कर सकते हैं।   

टेडी को अतिरिक्त तरह भी सजाएं 

आपका टेडी बनकर तैयार हो गया। यदि अपने टेडी को आप और भी सजाना चाहते हैं तो उसके गले में रिबन बना सकते हैं। उसके पेट में कुछ कलाकारी कर सकते हैं। जैसे आप गले के नीचे बायीं तरफ दिल का आकार बना सकते हैं। टेडी के पेट पर बटन बना कर उसे शर्ट का रूप दे सकते हैं। इस प्रकार हम बहुत कम खर्च के साथ टेडी बना सकते हैं और इसे व्यवसाय का विकल्प बना सकते हैं। यदि आपको टेडी बनाना आता है तो आप दूसरों को भी टेडी बनाने का हुनर सिखा सकते हैं। इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है अपने घर से भी यह काम कर सकते हैं। इस तरह से आप अपने लिए एक बेहतरीन काम ढूंढ सकते हैं। जो आपके रूचि का भी होगा और आपके लिए आय का रास्ता भी खोलेगा।